बागेश्वर। ड्यूटी से पृथक किए जाने से पीआरडी जवानों की परेशानी बढ़ गई है। जवानों ने डीएम को ज्ञापन देकर विगत वर्षों की तरह इस साल भी ड्यूटी को यथावत रखने की मांग की।
शुक्रवार को जवानों ने डीएम को बताया कि जिले के विभिन्न विभागों में कार्यरत पीआरडी जवानों को बजट की कमी के कारण ड्यूटी से पृथक किया जा रहा है। कहा कि अचानक से रोजगार छिन जाने से जवानों के सामने रोजी-रोटी का संकट पैदा हो जाएगा। कहा कि पिछले वर्षों में भी इस तरह का वाकया हुआ था लेकिन तब जवानोंं को ड्यूटी से हटाने की बजाय प्रत्याशा के तहत रोजगार में रखा गया था। जवानों ने इस साल भी रोजगार से हटाने की बजाय ड्यूटी पर बनाए रखने की मांग की। इस मौके पर प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन के जिलाध्यक्ष राजेंद्र भोटिया, नीमा वर्मा, मनीष जौहरी, मनीष कुमार, हरीश राम आदि मौजूद रहे।