तहसील प्रशासन ने पॉलिथीन बैग में सामान बेचने वाले दुकानदारों के प्रति सख्त रुख अपनाया है। एसडीएम ने सोमवार को जागरूकता अभियान के तहत गरुड़ बाजार में कई दुकानों में छापे मारकर दो हजार से अधिक पॉलिथीन की थैलियां बरामद कीं।
दुकानदारों को हिदायत दी है कि भविष्य में दुुकान में पॉलिथीन की थैलियां पाई गईं तो संबंधित दुकानदार से आर्थिक दंड वसूलने के साथ-साथ कानूूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
एसडीएम रवींद्र बिष्ट ने राजस्व पुलिस कर्मियों के साथ गरुड़ बाजार स्थित दो दर्जन से अधिक दुकानों में छापा मारा। एसडीएम की छापेमारी अभियान की सूचना बाजार में आग की तरह फैल गई और कई दुकानदारों ने पॉलिथीन बैग छुपा दिए। इसके बावजूद 24 से अधिक दुकानों से टीम ने करीब दो हजार पॉलिथीन बैग बरामद कीं।
एसडीएम ने बताया कि 11 फरवरी को तहसील में पॉलिथीन के दुष्परिणामों पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। एसडीएम ने स्वयंसेवी संस्थाओं, और पंचायत प्रतिनिधियों से इसमें बढ़-चढ़कर भागीदारी करने को कहा है।
एसडीएम रवींद्र बिष्ट ने गोमती नदी का औचक निरीक्षण किया। एसडीएम के नदी में पहुंचते ही वहां जेसीबी से रेता खोद रहा चालक जेसीबी को लेकर फरार हो गया।
एसडीएम ने रेता के पट्टे धारकों हिदायत दी कि रेता खोदने की ग्रामीणों की भविष्य में शिकायत आई तो खनन पट्टा सीज करने के साथ-साथ मशीन भी सीज कर दी जाएगी।