कपकोट (बागेश्वर)। शिखर धाम के श्री श्री 1008 मूलनारायण मंदिर में श्री बाल्मीकि रामायण रामकथा के शुभारंभ पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। ढोल, नगाड़ों की थाप और जयकारों के बीच निकाली गई यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा।
सोमवार की सुबह मंदिर परिसर और समीपवर्ती क्षेत्र में कलश यात्रा निकाली गई। मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कथा की शुरूआत हुई। व्यासस्वरूप रमेश चंद्र पांडेय ने पहले दिन की कथा का पाठ किया और भक्तों को उसका मर्म बताया। उन्होंने भगवान राम के चरित्र से प्रेरणा लेने और धर्म की राह पर चलने को कहा। मंदिर के महंत स्वामी उत्तमानंद महाराज ने बताया कि हर साल मंदिर में भागवत, राम कथा या शिव महापुराण का आयोजन किया जाता है। यजमान जवाहर सिंह भौर्याल, कविंद्र सिंह बाफिला, महेश सिंह भौर्याल ने बताया कि कथा का पारायण 10 जून को होगा। इस मौके पर पूर्व मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल, केदार सिंह, चंद्र सिंह चौहान, नंदन सिंह बाफिला आदि मौजूद रहे।