बागेश्वर में चल रही फुटबॉल प्रतियोगिता की विजेता टीम को ट्राफी प्रदान करते मुख्य अतिथि पालिकाध्
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। जिला फुटबॉल एसोसिएशन के आयोजन में चल रही मोहित भंडारी स्मृति फुटबाल प्रतियोगिता राजू शू स्टोर की टीम ने जीत ली है। खिताबी मुकाबले में राजू शू स्टोर की टीम ने माउंट बलजूरी की टीम को 4-2 पराजित किया। माउंट बलजूरी के जय कार्की को मैन आफ द सिरीज, इसी टीम के ऋतिक जोशी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
नुमाइशखेत मैदान में चल रही प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला राजू शू स्टोर और माउंट बलजूरी के बीच खेला गया। शुरूआत से ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। दोनों टीमें गोल करने के लिए जूझती रहीं, लेकिन दोनों ही टीमों के रक्षापंक्ति के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के चलते कोई टीम गोल नहीं कर सकी। मुकाबले का परिणाम पेनाल्टी शूटआउट से निकाला गया। पेनाल्टी शूटआउट में राजू शू स्टोर की टीम 4-2 से विजयी रही।
मुख्य अतिथि पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने विजेता, उप विजेता टीम और खिलाड़ियों को ट्राफी और पुरस्कार वितरित किए। राजू शू स्टोर की टीम के मिडफिल्डर सैमी को सुरेश लाल जयसूर्या ने अपने पिता स्वर्गीय दुर्गा राम की स्मृति में स्वनिर्मित ट्राफी प्रदान की। जिला फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुल्तान खान, स्वर्गीय मोहित भंडारी के पिता राजेंद्र सिंह भंडारी ने प्रतियोगिता में सहयोग के लिए सभी का आभार जताया। वहां पर सचिव ललित कनवाल, नीरज पांडेय आदि थे।