राजकीय इंटर कालेज खुनौली और भेंटा में शिक्षकों की कमी है। शिक्षकों के पद खाली होने के कारण बच्चों की पढ़ाई चौपट है। राइंका भेंटा में प्रधानाचार्य का पद लंबे समय से खाली चल रहा है।
वहां कक्षाएं जूूहा के भवन में चल रही हैं। क्षेत्र के लोगों ने समस्याओं का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
राइंका खुनौली में 360 बच्चे पंजीकृत हैं। वहां भौतिक, जीव विज्ञान, अंग्रेजी, राजनीति शास्त्र और भूगोल विषय के प्रवक्ता के पद लंबे समय से खाली हैं।
रात्रिकालीन चौकीदार नहीं होने से विद्यालय की सुरक्षा भगवान भरोसे है। क्षेत्र के लोग समस्याओं के समाधान की कई बार मांग कर चुके हैं, लेकिन उनकी आज तक कोई सुनवाई नहीं हो सकी है।
पूर्व दर्जाधारी मंत्री और भाजपा के युवा नेता भूपेश उपाध्याय ने समस्याओं का समाधान शीघ्र न होने पर ग्रामीणों के सहयोग से आंदोलन शुरू करने की चेेतावनी दी है।
उधर राउमावि भेंटा का 2006 में इंटर में उच्चीकरण हो गया था। तब से विद्यालय का भवन नहीं बनने से कक्षाएं जूनियर हाई स्कूल के भवन में चल रही हैं। वहां छात्र संख्या 168 पहुंच गई है।
इंटर में बच्चों को पढ़ाने के लिए एक भी प्रवक्ता नहीं है। हाईस्कूल के गिने चुने शिक्षक ही इंटर की कक्षाएं पढ़ा रहे हैं। प्रधानाचार्य का पद खाली चल रहा है। साइंस लैब और कंप्यूटर भी नहीं हैं।
अध्यापक अभिभावक संघ के अध्यक्ष सूरज सिंह बोरा, भेंटा के ग्राम प्रधान सोहन भंडारी, बिछराल किशन राम, माणा दिगोली सुनीता बोरा, एसएमडीसी अध्यक्ष भावना जोशी, खीम राम, त्रिलोक बोरा, कैलाश जोशी, पूर्व प्रधान सुरेश रावत और रमेश जोशी ने शासन और शिक्षा विभाग से विद्यालय की समस्याएं शीघ्र हल करने की मांग की है।