जूनियर हाईस्कूल के शिक्षकों की समस्याओं का समाधान नहीं होने के कारण उनमें रोष है। गुस्साए संघ के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र वर्मा ने राज्यपाल के नाम का ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा है।
इसमें उन्होंने समस्याओं का शीघ्र समाधान न होने पर शिक्षक दिवस के मौके पर अपना शैलेश मटियानी राज्य शिक्षक का पुरस्कार लौटाने की चेतावनी दी है।
राजकीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष वर्मा ने राज्यपाल को भेजे ज्ञापन में कहा है कि शिक्षकों को अन्य कार्यों से मुक्त करने, शिक्षकों को अन्य राज्य कर्मचारियों या पड़ोसी राज्य के शिक्षकों की तरह स्पेशल एसीपी का लाभ देने की मांग की।
राज्य कर्मचारियों की तरह ही शिक्षकों को न्यूनतम 15 दिन का उपार्जित अवकाश देने और एक जनवरी 2006 के बाद पदोन्नत और नियुक्त उच्च प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक का वेतनमान 17140 देने का शासनादेश जारी करने की मांग लंबे समय से चली आ रही है, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हो सकी है।
उन्होंने चेेतावनी दी है कि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वह शिक्षक दिवस पांच सितंबर के मौके पर उन्हें मिला शैलेश मटियानी राज्य शिक्षक पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र मेडल और दस हजार रुपये शिक्षकों के हित में लौटाने को बाध्य हो जाएंगे।