बीती रात बारिश के कारण क्षेत्र में व्यापक नुकसान हुआ है। नगर से लगे मंडलसेरा गांव में एक मकान के अंदर नाले का पानी घुसने से अफरा-तफरी मच गई। खेत तलैया बन गए। सड़कों पर भी मलबा आ जाने से सुबह के वक्त आवागमन बाधित रहा।
मंडलसेरा में बारिश ने लोगों में एक बार फिर दहशत ला दी है। डुंगाड़ और कुती गधेरे का पानी बस्ती में ख्यालीराम के मकान में घुस गया। परिवार केे सदस्यों की चीख सुनकर लोग वहां एकत्र हो गए। परिजनों ने अन्यत्र रात गुजारी। ग्राम प्रधान कैलाश गोस्वामी ने बताया कि कई अन्य घरों मेें भी मलबा घुस गया। खेत और रास्ते तलैया बन गए।
सुबह संयुक्त जन कल्याण समिति के अध्यक्ष भूपाल सिंह देवली, संरक्षक दीवान सिंह देवली,सचिव हीरा सिंह टाकुली, हर्ष सिंह देव, दुर्गा सिंह पांडा आदि ने डीएम भूपाल सिंह मनराल से मुलाकात करके गांव की सुरक्षा के उपाय करने की मांग की। वहीं डीएम के निर्देश पर एडीएम हरवीर सिंह ने गांव का निरीक्षण किया।
इधर, थकलाड़ के प्रधान बहादुुर सिंह रावत ने बताया कि रवाईखाल के थकलाड़, में रास्ते और नहर टूट गई। निर्माणाधीन पुलिया की सामग्री बह गई। आसपास के गांवों में भी नुकसान हुआ है। राजस्व पुलिस ने गांव निरीक्षण किया।
क्षेत्र पंचायत सदस्य सुनीता टम्टा ने बताया कि नगर से लगे कफलखेत, मजियाखेत में कमला देवी, देवकी देवी, राजन राम, मोहनराम आदि के घरों में पानी घुस गया। छात्रसंघ अध्यक्ष कुलदीप मेहता, ईश्वर पांडे, बाल कृष्ण, अंकुर उपाध्याय, प्रधान हिम्मत राम आदि ने मेहनरबुंगा का भ्रमण करने के बाद बताया कि सड़क निर्माण के कारण आया मलबा बारिश के पानी के साथ कई घरों में घुस गया।
वहीं, कांडा में सुनार गांव, विजयपुर आदि को जोड़ने वाली सड़कों पर मलबा आ गया। सुरक्षा दीवारें टूट गई। बारिश के कारण सुबह कुछ देर के लिए गरुड़ को जाने वाली सड़क बंद रही। बाद मेें लोनिवि ने उसे खोल दिया।