फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बागेश्वर में पल-पल बदल रहा मौसम का मिजाज

विज्ञापन
विज्ञापन
बागेश्वर। जिले में मौसम का मिजाज पल-पल बदल रहा है। पिछले सप्ताह से लगातार बारिश हो रही है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि की मार से फल और सब्जी उत्पादकों को भारी नुकसान हो रहा है।
विज्ञापन

बुधवार सुबह आसमान बादलों से ढका था, हालांकि दिन चढ़ने के साथ मौसम खुला और धूप निकल आई। दोपहर में अचानक मौसम ने फिर करवट बदली, आसमान काले बादलों से ढक गया। कुछ देर बाद बारिश भी होने लगी।
करीब 20 मिनट बारिश के बाद फिर से मौसम खुल गया। शाम को फिर से मौसम खराब हुआ और बूंदाबांदी के बाद धूप निकल आई। मौसम की इस लुकाछिपी से तापमान में भी लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।
विज्ञापन

इसका असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी हो रहा है। इससे पूर्व मंगलवार की रात को जिलेभर में बारिश हुई। इस दौरान बागेश्वर में ढाई, कपकोट और गरुड़ में पांच-पांच मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
बारिश के चलते सरयू और गोमती नदी का पानी भी मटमैला हो गया। इससे नदी के पानी का दैनिक उपयोग करने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ओलावृष्टि की मार से परेशान किसान
बागेश्वर। मौसम की मार से दुग नाकुरी और कांडा तहसील क्षेत्र के किसान परेशान हैं। शनिवार शाम और रात को हुई ओलावृष्टि से रतघर, जाखनी, भंतोला, चौनाला, सिलंगार, महरुड़ी आदि गांवों में आम, खुबानी, आलूबुखारा, दाड़िम, अनार के बौर और फूल नष्ट हो गए। मौसमी सब्जियों लौकी, कद्दू, तोरई, खीरा, आलू, प्याज, मटर आदि के पौधों को भी नुकसान हुुआ है।
किसान ख्याली चंद्र जोशी, जोगा सिंह मेहता, हीरा सिंह, लक्ष्मण धामी, हरीश तेवाड़ी आदि ने बताया कि साग-सब्जी से क्षेत्र के अधिकतर लोगों की आजीविका चलती है। जाड़ों में बारिश चाहिए थी, तब सूखे ने गेहूं को नष्ट किया। अब ओलों की मार से फल और सब्जियां भी चौपट कर दी हैं।
बिजली की लाइन पर गिरा पेड़, 12 गांवों की बिजली गुल
बागेश्वर। बदलते मौसम की मार बिजली लाइन पर भी पड़ रही है। बुधवार दोपहर बाद रवांईखाल क्षेत्र में तेज हवा चली। इस कारण गड़खेत में बिजली की लाइन पर चीड़ का पेड़ गिर गया।
पेड़ के गिरने से तार टूट गए और गढ़खेत, ओखलसों, डनेराखाल, तालड़, मगरुपहरी, कमेड़ी, खबडोली, पापे, बमराड़ी आदि 12 गांवों की बिजली गुल हो गई है। ऊर्जा निगम के ईई भास्कर पांडेय ने बताया कि सूचना मिलने के बाद कर्मचारियों ने मौके पर जाकर लाइन की मरम्मत शुरू कर दी है। जल्द आपूर्ति सुचारु करने का प्रयास किया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें