सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत विकास खंड के सुदूरवर्ती पिंडर घाटी के राइंका बदियाकोट में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। अध्यक्षता करते हुए डीएम ने विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए। शिविर में शिक्षा, पर्यटन, विद्युत, स्वास्थ्य, सड़क, खाद्यान्न, संबंधी कुल 20 आवेदन प्राप्त हुए।
इनमें अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण जबकि शासन स्तर की शिकायतों को संबंधित अधिकारियों से संपर्क करके निस्तारित कराने के निर्देश दिए। डीएम ने उद्यान अधिकारी को 15 दिन के भीतर क्षेत्र का भ्रमण कर क्षेत्र में अखरोट, बादाम, सेब आदि फलों की संभावना को देखते हुए फलोत्पादन के लिए किसानों को प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अच्छी नस्ल के दुधारू पशुओं और ऊन उत्पादन के लिए अच्छी नस्ल की भेड़ों को पालने का सुझाव दिया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद करते हुए दृढ़ इच्छा शक्ति के साथ पढ़ाई करने को कहा।
विधायक बलवंत भौर्याल ने राइंका बदियाकोट के विद्यालय में फर्नीचर क्रय के लिए अपनी निधि से दो लाख रुपये और कालू बदियाकोट तोक में पंचायत भवन निर्माण के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा की। ग्राम प्रधान किलपारा ने रिखाड़ी बाछम मोटर मार्ग के मुआवजे और ग्राम प्रधान सोराग नंदाकुंड से सोराग ट्रैक रूट के सुधारीकरण की मांग की।
जिपं सदस्य गोविंद दानू ने क्षेत्रीय पटवारी और वीडीओ को बदियाकोट में प्रवास कर जनसमस्याओं के निराकरण की मांग की। इससे पूर्व स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिला पूरे देश में ग्रामीण स्वच्छता कार्यक्रम में पहले स्थान पर आने पर जिपं सदस्य गोविंद दानू ने डीएम को पिछौड़ा ओढ़ाकर और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
ग्राम प्रधान बदियाकोट केदार दानू ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के बारे में मांग पत्र प्रस्तुत किया। बाछम के ग्राम प्रधान आनंद राम द्वारा उनके गांव में विद्युत आपूर्ति सुचारु न होने की शिकायत पर डीएम ने विद्युत और उरेडा को कड़ी फटकार लगाई।
इस दौरान वहां एडीएम राहुल गोयल, सीडीओ केएन तिवारी, एसडीएम कांडा रिंकू बिष्ट, मुख्य कृषि अधिकारी वीपी मौर्या, डीएचओ तेजपाल सिंह, एसीओ डॉ. जेसी मंडल, जिला बाल विकास अधिकारी उदय प्रताप सिंह, अग्रणी बैंक अधिकारी रुद्र सिंह रावत, पूर्व जिपं अध्यक्ष विक्रम शाही, प्रधानाचार्य एपी यादव समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे। संचालन जिला समाज कल्याण अधिकारी एनएस गस्याल ने किया।
शिविर में अनेकों को मिला लाभ
शिविर में समाज कल्याण विभाग द्वारा विभिन्न पेंशन योजनाओं के 38 पात्र लाभार्थियों के विभिन्न पेंशन योजनाओं के आवेदन भरवाए गए। राजस्व विभाग द्वारा 85 परिवार रजिस्टर की नकल और 60 बीपीएल क्रमांक निर्गत किए गए। बाल विकास विभाग ने 55 नंदादेवी और गौरा देवी कन्याधन के आवेदन भरवाए गए।
उद्यान विभाग द्वारा 2100 रुपये के 65 उपकरण और बीज विक्रय किए गए। कृषि विभाग द्वारा 80 कृषि यंत्र दो लीटर रसायन वितरित किया गया। पशुपालन विभाग ने 45 पशुपालकों को पशुओं में होने वाली बीमारियों के निदान के लिए दवा वितरित की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 128 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा बांटी। शिविर में दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए।