गरुड़ (बागेश्वर)। पिछले दिनों मटेना गांव निवासी आरपीएफ के जवान की पिटाई के मामले में चल रही पुलिस जांच पर ग्रामीणों ने असंतोष जताया है। एसडीएम को दिए ज्ञापन में ग्रामीणों ने मामले में हल्की धाराओं में केस दर्ज करने का आरोप लगाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए निर्देशित करने की मांग की।
मंगलवार को ग्रामीणों ने ग्राम प्रशासक रवि बिष्ट के नेतृत्व में एसडीएम से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि 11 मई को आरपीएफ जवान गोविंद बल्लभ बड़सीला और उनके दो साथियों पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया था। घटना में जवान को गंभीर चोट आई हैं। वर्तमान में वह हल्द्वानी के एक अस्पताल में आईसीयू पर हैं। बैजनाथ पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की बजाय हल्की धाराओं में केस दर्ज कर उन्हें छोड़ दिया। थाने से छूटने के बाद आरोपी युवक रात को गांव में हंगामा कर रहे हैं। रविवार की रात को भी युवकों ने गांव में हंगामा करते हुए पूरे गांव को धमकी दी।
ग्रामीणों ने कहा कि जानलेवा हमला करने के बावजूद युवकों को छोड़ देने से उनके हौसले बुलंद हैं। इनसे पूरे गांव को खतरा है। ग्रामीणों ने एसडीएम से आरोपियों पर उचित धाराओं में केस दर्ज करवाने की मांग की। इस मौके पर मदन मोहन जोशी, नारायण दत्त खोलिया, हेम चंद्र खोलिया, संजय पांडेय, कृष्णा जोशी समेत तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।