बागेश्वर। जिले में आने और यहां से बाहर जाने के लिए स्मार्ट सिटी देहरादून के वेबपोर्टल पर पंजीकरण और आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करना अनिवार्य होगा। यदि कोई पांच दिन बाहर रहने के बाद जिले में लौटता है, तो उसे 10 दिन क्वारंटीन रहना होगा। प्रवेश से 96 घंटे पहले कोरोना की रिपोर्ट निगेटिव आने पर क्वारंटीन न किया जाए।
एडीएम हेमंत कुमार वर्मा ने सोमवार को जिला मुख्यालय में अधिकारियों की बैठक में जिले की सीमाओं पर चौकसी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। जिले में आने वाले और यहां से बाहर जाने वाले लोगों का सरकार की वेब पोर्टल पर पंजीकरण होना चाहिए। उनके मोबाइल में आरोग्य सेतु एप भी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले लोगों की जांच के साथ ही उनका डाटा भी रखा जाए। स्टेजिंग एरिया में न जाने वाले लोगों पर रखें। बाहर से आने वाले लोगों की सूचना कंट्रोल रूम में दें। ग्राम निगरानी समिति गांव में बाहर से आने वाले लोगों पर निरंतर निगरानी रखें। पंजीकरण न कराने वालों की सूचना कंट्रोल रूम में दें। एडीएम ने सीएमओ डॉ. बीडी जोशी से कहा कि बाहर से आने वाले सभी लोगों की सैंपलिंग की जाए। पर्यटन विभाग से पर्यटकों की जानकारी जिला प्रशासन को देने को कहा गया। कहा कि पर्यटकों को दो दिन पूर्व पंजीकरण करने के साथ ही दो दिन के लिए होटल बुक कराना अनिवार्य होगा। बैठक में एसडीएम राकेश चंद्र तिवारी, योगेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार, जयवर्धन शर्मा, सीओ महेश जोशी, परिवहन कर अधिकारी हरीश रावल, आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल आदि थे।