विकास खंड कपकोट के अनेक गांवों के अतिवृष्टि और ओलावृष्टि प्रभावित काश्तकारों को आज तक मुआवजा नहीं मिला है। मुआवजा नहीं मिलने के कारण काश्तकारों में रोष है।
ज्येष्ठ ब्लाक उप प्रमुख हरीश सिंह शाही के नेतृत्व में शुक्रवार को काश्तकारों ने उपजिलाधिकारी से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। उन्होंने एसडीएम से प्रभावित काश्तकारों को शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की है।
उपजिलाधिकारी केएस टोलिया को दिए ज्ञापन में काश्तकारों ने कहा है कि अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से रबी की फसल चौपट हो गई थी।
शासन ने प्रशासन को प्रभावितों को शीघ्र मुआवजा देने के निर्देश दिए थे, लेकिन अभी तक कई गांवों में प्रभावितों को मुआवजा नहीं मिल सका है।
उन्होंने मांग शीघ्र पूरी न होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। ज्ञापन देने वालों में तारा कपकोटी, शेर सिंह बिष्ट, प्रकाश जोशी, प्रेम सिंह सुरकाली, हरीश चंदोला और प्रकाश शाही आदि शामिल थे।