सीएम कार्यालय और समाधान पोर्टल एवं शिकायत पंजीकरण प्रकोष्ठ की लंबित शिकायतों की समीक्षा बैठक में डीएम मंगेश घिल्डियाल ने वरिष्ठ कोषाधिकारी को अक्तूबर 2016 तक की लंबित समस्याओं का निस्तारण न करने वाले अधिकारियों का दिसंबर माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में अनुपस्थित रहे अधिकारियों को स्पष्टीकरण देने को कहा है।
कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में डीएम घिल्डियाल ने कहा कि जनता की शिकायतों के प्रति गंभीर न होने पर संबंधित विभागाध्यक्ष को पत्र जारी किया जाएगा। उन्होंने कुछ विभागों में लंबित जन शिकायतों का समय से निराकरण न करने पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर समस्या हल करने के निर्देश दिए। सहायक आयुक्त वाणिज्यकर, लोनिवि कपकोट के अधिशासी अभियंता, उरेडा के परियोजना अधिकारी, जल संस्थान के ईई, लोनिवि एडीबी खंड के ईई के बैठक उपस्थित होने पर डीएम इन्हें स्पष्टीकरण देने को कहा है।
सड़क, पानी तथा ग्राम्य विकास विभाग से संबधित समस्याओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी अधिकारियों को शिकायत की जांच के लिए नामित अधिकारी से तथ्यों सहित आख्या प्रस्तुत करने को कहा। इस मौके पर कपकोट-कर्मी मार्ग में किलोमीटर 12 से तोली तक मोटर मार्ग की गुणवत्ता ठीक नहीं होने की शिकायत के निराकरण के लिए लोनिवि कपकोट, आरईएस और सिंचाई विभाग के अधिकारियों की जांच टीम गठित कर संयुक्त निरीक्षण कराने को कहा। बैठक में एडीएम एसएस जंगपांगी, जिला विकास अधिकारी केएन तिवारी, सीईओ आरसी आर्या, ईई आरके पुनेठा, जिला समाज कल्याण अधिकारी एनएस गस्याल मौजूद थे।