जिला योजना की बैठक में मनरेगा, क्षेत्र पंचायत, जिला पंचायत सदस्यों से प्राप्त प्रस्तावित योजनाओं को अंतिम रूप दिया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने विभागवार प्रस्तावित योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से सभी जनप्रतिनिधियों की प्रस्तावित योजनाओं को प्राथमिकता देने को कहा।
जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में हुई बैठक में क्षेत्र पंचायतों से प्रस्तावित और जिला पंचायत सदस्यों से प्राप्त योजनाओं को पारित किया गया। अध्यक्ष ने शिक्षा विभाग को उच्चीकृत स्कूलों में अतिरिक्त कक्षों के निर्माण, जीर्णशीर्ण स्कूलों के सुधार के लिए बजट का प्रावधान रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कौसानी को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए पर्यटन विभाग को ग्रीन प्रोजेक्ट का प्रस्ताव देने को कहा। उद्यान विभाग को जनपद में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में उद्यानीकरण को बढ़ावा देने के लिए योजनाएं प्रस्तावित करने के निर्देश दिए।
अध्यक्ष ने स्वास्थ्य विभाग को एएनएम सेंटर स्थापित करने के लिए निशुल्क भूमि गांव में उपलब्ध होने का प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा। कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण ने गरुड़, कपकोट के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में संतरा, माल्टा, अखरोट के उत्पादन की संभावना को देखते हुए लोगों को उद्यानीकरण के लिए प्रेरित करने को कहा।
बागेश्वर के विधायक चंदन राम दास ने खेल विभाग को महाविद्यालय खेल मैदान में एक चेंजिंग रूप और शौचालयों के निर्माण के लिए प्रस्ताव देने को कहा। जिला पंचायत सदस्य गोविंद दानू ने कपकोट क्षेत्र में फल पट्टी विकसित करने के लिए उद्यान विभाग को कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेंद्र परिहार, बीस सूत्रीय कार्यक्रम के उपाध्यक्ष भुवन पाठक, पालिका अध्यक्ष गीता रावल, ब्लॉक प्रमुख रेखा खेतवाल, भरत फर्स्वाण सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद थे।