जनपद के पंद्रहपाली ग्राम पंचायत के लिए बनाई गई सिंचाई नहर पिछले 15 वर्षों से ध्वस्त पड़ी है। सिंचाई की सुविधा नहीं होने से ग्रामीणों के खेत बंजर होते जा रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से ध्वस्त नहर का शीघ्र सुधार कर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।
जिलाधिकारी के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में पंद्रहपाली के ग्रामीणों का कहना है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के निर्माण के दौरान 15 साल पूर्व गांव को जोड़ने वाली सिंचाई नहर ध्वस्त हो गई थी। तब से आज तक इस नहर का सुधार नहीं किया गया है। सिंचाई सुविधा नहीं होने से पिछले डेढ़ दशक से उपजाऊ कृषि भूमि बंजर होती जा रही है।
ग्रामीणों का कहना था कि सिंचाई नहर में पानी चलने तक अधिकांश परिवार खेती से आजीविका चलाते थे, परंतु नहर के ध्वस्त होने के बाद सब्जी उत्पादन नहीं हो पा रहा है। खेतीबाड़ी नहीं होने से कई परिवार पलायन कर चुके हैं।
ग्रामीणों ने इस समस्या को देखते हुए शीघ्र नहर का सुधार कराए जाने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में हरीश चंद्र, नंदा बल्लभ, विशन दत्त, सुरेश पांडे, मुकेश, रमेश पांडे, पीतांबर पांडे, हरी दत्त, कैलाश चंद्र आदि शामिल थे।