दानपुर वैली स्पोर्ट्स क्लब ने दिसंबर महीने के पहले सप्ताह में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय स्तर की वॉलीबॉल प्रतियोगिता की तैयारी शुरू कर दी है। बैठक में प्रतियोगिता को बेहतरीन बनाने के लिए क्लब के सदस्यों और पदाधिकारियों से अभी से जुटने को कहा गया। क्लब के अध्यक्ष प्रेम पुरी गोस्वामी की अध्यक्षता में स्थानीय कार्यालय में हुई बैठक में आय-व्यय का ब्यौरा रखा और उसकी पुष्टि की गई।
बैठक में कहा गया कि दिसंबर महीने के पहले सप्ताह में केदारेश्वर मैदान में अखिल भारतीय स्तर की वॉलीबॉल प्रतियोगिता होगी। प्रतियोगिता की तिथि क्लब की आम बैठक में तय की जाएगी। इस दौरान केदारेश्वर मैदान के सुंदरीकरण की मांग की गई।
एसडीएम से मांग की गई कि जो लोग मकान निर्माण के लिए जमीन की खुदाई से निकली मिट्टी को नदी के किनारे फेंक रहे हैं, उनसे मिट्टी नदी में न फेंककर केदारेश्वर मैदान के पूर्वी हिस्से में डलवाया जाए ताकि मैदान का आकार बड़ा हो सके।
बैठक में जानकारी दी गई कि खेल विभाग ने क्लब को राज्य स्तरीय अंडर 16 की खेल प्रतियोगिता कराने को कहा है, लेकिन यहां दूर-दराज से आने वाली टीमों के रात में ठहरने के लिए उचित प्रबंध नहीं होने के कारण प्रतियोगिता कराने में दिक्कतें आ रही हैं। वहां क्लब के सचिव राजू देव, कोषाध्यक्ष राजेंद्र कपकोटी और कै. जोगा राम आदि थे।