बागेश्वर। सामान्य प्रेक्षक एमएस जया ने कलक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों और उम्मीदवारों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि मतगणना प्रक्रिया को शांतिपूर्ण वातावरण में निष्पक्षता से कराना सभी का दायित्व है।
जया ने कहा कि मतगणना कार्य में किसी तरह की बाधा पैदा न हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं। बैठक में मास्टर ट्रेनर दीप चंद्र जोशी, केवलानंद कांडपाल ने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों को पोस्टल बैलेट की मतगणना की जानकारी दी।
उन्होंने उम्मीदवारों, राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को वैध, अवैध मतपत्रों की पहचान के बारे में बताया। डीएम मंगेश घिल्डियाल ने सभी राजनीतिक दलों को मतगणना कार्य में सहयोग देने को कहा।
बैठक में बसंत कुमार, भूपेश उपाध्याय, बालकृष्ण, संजय साह जगाती, जगदीश जोशी, राम सिंह कोरंगा, एडीएम एसएस जंगपांगी, डीडीओ केएन तिवारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी दिनेश चंद्र आर्या, प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी डॉ. उदय शंकर आदि थे। इससे पूर्व प्रेक्षक ने स्ट्रांग रूम, मतगणना कक्ष, मीडिया सेंटर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।