उत्तराखंड को यूं ही नहीं देवभूमि कहा जाता है। यहां की प्राकृतिक शक्तियां युवाओं को उत्साह, सकारात्मक ऊर्जा और जोश से लबरेज कर देती है और यही सफलता की राह तय करती है। शायद यही वजह है कि ओलंपिक की तैयारी के लिए मैदानी युवा हिमालय की गोद (बागेश्वर) में पहुंच रहे हैं।
शहर से महज सात किमी दूर स्थित जौलकांडे में यूपी के जौनपुर, मेरठ और दिल्ली के चार युवा ओलंपिक गेम्स 2020 के लिए तैयारी कर रहे हैं। ये चारों बीती चार अप्रैल से जौलकांडे में सुबह 20 किमी दौड़, ट्रैकिंग, योग, मेडिटेशन सहित अन्य शारीरिक व्यायाम करते हैं। इन युवाओं का मानना है कि यहां से खेल और शिक्षा के लिए तैयारी कर सफलता अर्जित की जा सकती है।