बागेश्वर। प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन ने स्वयं सेवकों को ड्यूटी के लिए शासन से बजट स्वीकृत कराने की मांग की है। पीआरडी जवानों का कहना है कि नियमित ड्यूटी नहीं मिलने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट पैदा हो गया है। इस संबंध में जिला पंचायत अध्यक्ष के माध्यम से प्रदेश सरकार को भेजे ज्ञापन में पीआरडी संगठन ने कहा है कि बजट नहीं होने से अधिकांश पीआरडी जवानों को तैनाती नहीं मिल पाती है।
जवानों को रोजगार के लिए भटकना पड़ रहा है। परिवार व स्वयं के भरण-पोषण की समस्या उनके सामने आ गई है। पीआरडी जवानों ने इस समस्या को देखते हुए शीघ्र बजट जारी करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में हरीश राम, महेश राम, मोहन राम, मोहन जोशी, मोहन चंद्र, शिव सिंह, जमन गिरी, कैलाश सिंह, गोविंद राम, लीला राम, रमेश प्रसाद, मंगल गिरी, खुशहाल राम, मदन राम पीआरडी जवान थे।