बागेश्वर में नारेबाजी करते पीआरडी जवान।
- फोटो : अमर उजाला
गैर विभागीय बजट के आधार पर विभिन्न विभागों में तैनात अप्रशिक्षितों को हटाकर प्रशिक्षित पीआरडी जवानों को तैनाती दिए जाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर पीआरडी जवानों ने जिला कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन किया। पीआरडी जवानों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता है आंदोलन जारी रखा जाएगा।
शुक्रवार को जिला कार्यालय परिसर में धरना स्थल पर आयोजित सभा में पीआरडी जवानों ने प्रशिक्षितों को शीघ्र तैनाती देने, पिछले रुके हुए मानदेय का भुगतान करने, पीआरडी पुरुष और महिला जवानों को विभागों की मांग के अनुसार तैनाती देने की मांग उठाई। पीआरडी जवानों ने कहा कि विभागों में तैनाती नहीं मिलने के कारण उन्हें बेरोजगारी का सामना करना पड़ रहा है। महिला प्रशिक्षित जवानों को भी तैनाती नहीं मिल पा रही है।
पूर्व में आंदोलन के दौरान उन्हें शीघ्र भुगतान करने और तैनाती देने का आश्वासन दिया गया था, परंतु अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। विभाग बजट नहीं मिलने का रोना रो रहा है। इस उपेक्षा के कारण पीआरडी जवानों को घोर आर्थिक संकट से गुजरना पड़ रहा है। प्रदर्शन करने वालों में मनोज कुमार, दीपक जोशी, नरेश भोटिया, बलवंत भोटिया, कैलाश भोटिया आदि जवान शामिल थे।