बागेश्वर में एडीएम को ज्ञापन सौंपती सेनानी की पत्नी कमला देवी।
- फोटो : अमर उजाला
जनौटी पालड़ी-कराला पालड़ी से ताकुला होते हुए चनौली जैन करास तक स्वीकृत मोटर मार्ग के निर्माण में हो रही देरी से स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. महेंद्र सिंह के परिजनों में नाराजगी है। सेेनानी की धर्मपत्नी कमला देवी ने 15 दिन के भीतर सड़क निर्माण को लेकर कार्रवाई नहीं होने पर आमरण अनशन शुरू करने की चेतावनी दी है।
स्व. महेंद्र सिंह की धर्मपत्नी कमला देवी ने कहा है कि जनौटी पालड़ी- कराला पालड़ी से ताकुला होते हुए चनौली जैन करास सड़क को स्वीकृति मिलने के बाद भी निर्माण नहीं हो रहा है। पांच किमी लंबी इस सड़क के नहीं बनने से क्षेत्र की जनता को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क नहीं बनने से हजारों की आबादी पैदल चलने को मजबूर है। यातायात सुविधा के अभाव में क्षेत्र के लोग पलायन कर रहे हैं।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट पहुंचीं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की धर्मपत्नी कमला देवी ने एडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए 15 दिन के भीतर सड़क निर्माण के संबंध में उचित पहल नहीं होने पर आमरण अनशन शुरू करने की चेतावनी दी। कमला देवी ने मोटर मार्ग का निर्माण शीघ्र शुरू करने के साथ ही सड़क का नाम स्व. महेंद्र सिंह के नाम पर रखे जाने की मांग भी उठाई। एडीएम एसएस जंगपांगी ने सड़क निर्माण के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।