बुधवार अपनी लंबित मांगों में मानदेय में बढ़ोतरी करने समेत कुल छह समस्याओं को लेकर पीआरडी के जवानों ने जिला मुख्यालय पर नारेबाजी के साथ जुलूस निकाला। सभा के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
बुधवार को पीआरडी जवान पीआरडी हित संगठन की जिला इकाई के बैनर तले नगर की विभिन्न सड़कों से होकर तहसील मुख्यालय पर पहुंचे। यहां उन्होंने सीएम के नाम का ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। इसमें उन्होंने जवानों को उपार्जित अवकाश देने, जवान की मृत्यु या दुर्घटना होने पर उसके एक आश्रित को नौकरी देने और 20 लाख रुपये की सहायता राशि देने, जिला स्तर पर 10 लाख रुपये का एक कल्याण कोष बनाकर जवान को आवश्यकतानुसार सहायता राशि देने, जवानों को हर साल वर्दी का कपड़ा, धुलाई भत्ता देने, संगठन के पदाधिकारियों को अलग से मानदेय देने और जवानों को इलाज और दुर्घटना का बीमा देने की मांग की है। जुलूस और ज्ञापन देने वालों में संगठन के जिलाध्यक्ष राजेंद्र भोटिया, सचिव विपिन चंद्र बिष्ट, दीपक कोहली, हर सिंह कोरंगा, बालीराम, कैलाश भोटिया, महेश भोटिया, कैलाश राम, प्रताप राम, विशन भोटिया और नरेश भोटिया आदि शामिल थे।