बागेश्वर। वन विभाग और बागेश्वर ब्लाक सहित विभिन्न विभागों को जोड़ने वाली सड़क खस्ताहाल है। वर्षों से सड़क में गड्ढे बनने के बाद भी इस सड़क का सुधार नहीं किया जा रहा है। इससे वाहनों के संचालन में दुर्घटना का खतरा बना रहता है। आए दिन दोपहिया वाहनों के फिसलने से लोग घायल हो रहे हैं।
पीडब्लूूडी कार्यालय से वन विभाग तक जाने वाली सड़क बदहाल है। वन विभाग और ब्लाक कार्यालय के अलावा सिंचाई विभाग और केंद्रीय विद्यालय के लिए भी इसी सड़क से आवागमन होता है, लेकिन यह सड़क संकरी होने के साथ ही गड्ढायुक्त भी हो चुकी है। सीडीओ सहित कई आला अधिकारी इसी सड़क से गुजरते हैं।
इसके बावजूद सड़क के सुधार पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष उमा बिष्ट का कहना है कि सड़क के सुधार के लिए कई बार विभाग को कहा जा चुका है, लेकिनध्यान नहीं दिया जा रहा है। उनका कहना है कि जब शहरी क्षेत्र का यह हाल है तो ग्रामीण क्षेत्रों के विकास का सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है। उन्होंने प्रशासन से सड़क का शीघ्र सुधार करने की मांग की है।