बागेश्वर। बाल विकास विभाग की ओर से राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय में बाल मेला आयोजित किया गया। छात्र-छात्राओं ने कठपुतली शो, नींबू दौड़, सीढ़ी-पत्थर जैसी कई गतिविधियों में उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।
शनिवार को राष्ट्रीय पोषण मिशन के तहत आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मंजूलता यादव ने कहा कि बच्चों के समग्र विकास के लिए शारीरिक, मानसिक और पोषण संबंधी जागरूकता जरूरी है। विशेष अतिथि डायट प्रवक्ता डॉ. केएस रावत ने कहा कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में खेल-कूद और रचनात्मक गतिविधियों की अहम भूमिका होती है।
प्रधानाचार्य बलवंत कालाकोटी ने कहा कि बाल मेले में बच्चे केवल मनोरंजित नहीं होते हैं बल्कि शिक्षाप्रद तरीकों से नई चीजें भी सीखते हैं। बच्चों के लिए शेर के मुंह में लड्डू, स्टैंपिंग, मिट्टी के बर्तन बनाना, पहेली हल करना, कहानी सुनाना जैसी कई मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। मेले में पोषण प्रदर्शनी लगाई गई। संतुलित आहार, पोषण के महत्व, स्वस्थ खानपान के बारे में बताया गया। संवाद