बागेश्वर। नगर पालिका में बोर्ड बैठक के बाद नगर भ्रमण के दौरान प्रस्तावित कार्यों को धरातल पर उतारने की तैयारी शुरू हो गई है। पालिका के वेणीमाधव वार्ड में 43.10 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य किए जाएंगे। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
नगरपालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने बीते दिनों वेणीमाधव वार्ड का भ्रमण कर कई निर्माण कार्यों के लिए लोगों से प्रस्ताव मांगे थे। दिए गए सुझावों पर विचार करने के बाद अब उन कार्यों को वार्ड क्षेत्र में कराने की तैयारी शुरू हो गई है। पालिका की ओर से वेणीमाण व वार्ड के नई बस्ती में 1.65 लाख रुपये की लागत से जन मिलन केंद्र में शौचालय का निर्माण, चौरासी में निजी स्कूल के पीछे से गिरीश पांडेय के घर की ओर 8.25 लाख रुपये से सीसी मार्ग और नाली का निर्माण, वार्ड के मेहनरबूंगा में अर्जुन देव के मकान से साईं मंदिर तक 8.75 लाख रुपये से सीसी मार्ग और नाली का निर्माण, वार्ड के नई बस्ती में रोड से पुष्कर राम के घर की ओर 4.30 रुपये से सीसी मार्ग और रैलिंग निर्माण का कार्य, भिटालगांव में सेमल के पेड़ से मदन सिंह के मकान की ओर 4.10 लाख रुपये से सीसी मार्ग और नाली का पुनर्निर्माण, फकीरा चंद्र के मकान से नवीन जोशी के मकान की ओर 3.60 लाख रुपये से सीसी मार्ग और नाली का निर्माण, भनियाधर में सुंदर राम के मकान से त्रिलोक राम के मकान से धारे तक 4.45 लाख रुपये से पुलिया और सीसी मार्ग का निर्माण, नई बस्ती में 1.20 लाख रुपये से सीसी मार्ग की सुरक्षा दीवार, चौरासी में चंद्र प्रकाश टम्टा के घर से धारे तक 1.70 रुपये से सीसी मार्ग और नाली का निर्माण किया जाएगा। 5.10 लाख रुपये की लागत से नई बस्ती धारे में टैंक निर्माण और पानी को लोगों के घर तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।
नगर के वेणीमाधव वार्ड में 43.10 लाख रुपये से होने वाले विकास कार्यों की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अनुबंध गठन की कार्यवाही गतिमान है। जल्द कार्य शुरू किया जाएगा।
-हयात सिंह परिहार, प्रभारी ईओ, नगरपालिका परिषद बागेश्वर