बागेश्रर में झिरौली थाना क्षेत्र का निरीक्षण करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया में वायरल हो रही संदिग्धों की सूचना पर पुलिस हरकत में आ गई है। संदिग्धों के क्षेत्र में घुसने की सूचना को अफवाह करार देते हुए पुलिस रोकथाम की कवायद में जुट गई है। क्षेत्रवासियों को दहशत को देखते हुए पुलिस ने बाकायदा रैली निकालकर सफाई पेश की है।
शुक्रवार को एसपी मुकेश कुमार के निर्देश पर थाना झिरौली पुलिस ने रैली निकाली और वायरल हो रही सूचनाओं का खंडन किया। पुलिस ने फिर साफ किया कि वायरल हो रही सूचना कोरी अफवाह है। इस तरह की घटना जिले भर में कहीं भी नहीं हुई है। क्षेत्रवासियों को डरने की जरूरत नहीं है। पुलिस ने क्षेत्रवासियों को बतौर सावधानी एडवायजरी भी जारी की। किसी भी संदिग्ध घटना, व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा गया।
इस दौरान पुलिस ने दो फेरीवालों के बिना सत्यापन कराये घूमने पर पुलिस एक्ट के तहत चालान काटा। इधर, कोतवाली बागेश्वर में सीओ मोहन चंद्र जोशी और कोतवाल तिलक राम वर्मा ने ग्राम प्रधानों, ग्राम प्रहरियों और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर वायरल हो रहे भ्रामक संदेशों का खंडन किया। साथ ही क्षेत्रवासियों को सजग रहने और कोई भी संदिग्ध नजर आने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने को कहा।
मीडिया सेल संदेशों पर रख रही नजर
बागेश्चर। जिला पुलिस का साइबर सेल यूनिट लगातार वायरल हो रहे संदेशों पर नजर रख रहा है। इसके साथ ही अफवाह फैलाने वाले तत्वों की भी निगरानी की जा रही है। किसी भी व्यक्ति द्वारा ऐसे भ्रामक, वीभत्स, हिंसक, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले पोस्ट, शेयर, लाइक किये जाने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी जारी की है।