भेटा गांव में दलित युवक की हत्या के बाद पुलिस प्रशासन ने आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए सानीउडियार में पुलिस चौकी खोल दी है। इस चौकी में फिलहाल एक एसओ सहित चार कांस्टेबल तैनात रहेंगे। पुलिस चौकी खुलने से सानीउडियार के क्षेत्रवासियों ने राहत महसूस की है।
मालूम हो कि पांच अक्तूबर को सानीउडियार क्षेत्र के भेटा गांव में दलित युवक की हत्या कर दी गई थी। कांडा थाने के अंतर्गत आने वाले इस क्षेत्र की दूरी थाने से 40 से 50 किमी है। ऐसे में किसी तरह का अपराध होने पर पुलिस को मौके पर पहुंचने में काफी समय लग जाता था। इतना ही नहीं दूरस्थ क्षेत्र होने के कारण पुलिस भी इस इलाके में गश्त नहीं कर पाती थी।
ऐसे में कई मामलों की शिकायत तक पीड़ित नहीं कर पाते थे। इस घटना के बाद से ही क्षेत्र में एक पुलिस चौकी खोलने की मांग यहां की जनता कर रही थी। रविवार को पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सानीउडियार में चौकी खोल दी गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एसआई वंशीलाल को चौकी का प्रभारी तैनात किया गया है। इसके अलावा चार कांस्टेबल चौकी में तैनात रहेंगे। इस चौकी के खुलने से लोगों में खुशी व्याप्त है।