नगर के तहसील रोड में स्थित एक परचून की दुकान में आग लग गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने शनिवार रात लगभग दो बजे आग पर काबू पाया। आग से दुकान में रखा लगभग 10 लाख रुपये का सामान जल गया। परचून की दुकान से सटी सब्जी और हार्डवेयर की दुकानों में भी आग से नुकसान हुआ है।
आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। तहसील रोड में प्रकाश गोस्वामी की परचून की दुकान है। शनिवार रात लगभग आठ बजे दुकान स्वामी रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए। रात में लगभग दो बजे आसपास मौजूद लोगों ने उनकी दुकान से धुआं उठता देखा। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और दुकान स्वामी को दी। दुकान में आग लगने की जानकारी होते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया। परंतु तब तक दुकान में रखा लाखों का सामान जलकर नष्ट हो गया था।
आग के कारण परचून की दुकान से सटी प्रमोद व आनंद गोस्वामी की दुकानों में भी नुकसान हुआ है। परंतु समय पर आग बुझा लेने से आसपास मौजूद दुकान व भवनों में नुकसान होने से बच गया। दुकान स्वामी प्रकाश गोस्वामी ने बताया कि आग से पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया है, इसमें 10 लाख की क्षति हुई है। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।