कपकोट (बागेश्वर)। सीओ एचसी जोशी की अध्यक्षता में कपकोट क्षेत्र के ग्राम प्रधान, ग्राम प्रहरी, व्यापारियों की बैठक रविवार को हुई। इसमें मुख्य रूप से अवैध रूप से बेची जा रही शराब और भराड़ी बाजार में आए दिन लगने वाले जाम की समस्या प्रमुखता से उठी।
कपकोट थाने में आयोजित बैठक में तोली के बीडीसी सदस्य प्रकाश जोशी ने कहा कि गांवों में अवैध रूप से शराब पहुंचाकर बेची जा रही है। शराब के कारण गांवों का माहौल खराब हो रहा है। व्यापार संघ अध्यक्ष शेर सिंह ऐठानी ने जाम की समस्या को उठाते हुए सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग उठाई।
उन्होंने वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था करने को लेकर स्थल चयन का सुझाव भी दिया। कपकोट व्यापार मंडल के अध्यक्ष तारा सिंह कपकोटी ने अनियंत्रित ट्रैफिक का मामला उठाया। उन्होंने तेज रफ्तार बाइकर्स पर लगाम लगाने और पुल में आड़े-तिरछे वाहनों को खड़ा करने से पैदा होने वाली समस्या से अवगत कराया।
उन्होंने शराब के ओवररेट में बचने की शिकायत भी की। टैक्सी यूनियन अध्यक्ष दयाल सिंह ने पार्किंग की समस्या रखी। व्यापारियों ने चोरी की घटनाओं को रोकने लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने, गश्त बढ़ाने और रात्रि चौकीदार की व्यवस्था करने का सुझाव दिया।
बैठक में मौजूद लोगों ने पिंडारी मार्ग में सड़क किनारे सामान फैलाने वाले व्यापारियों पर भी कार्रवाई की मांग उठाई। ग्राम प्रहरियों से भी सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में सुझाव मांगे गए। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्षा चंपा देवी आदि थे।