कांडा/बागेश्वर। भद्रकाली गांव उपराड़ा निवासी दिनेश चंद्र जोशी हत्याकांड के मामले में पुलिस ने रविवार को सीओ महेश चंद्र जोशी के नेतृत्व में नामजद आरोपी घोड़ागाड़ निवासी हरीश सिंह बोरा के घर दबिश दी। पुलिस ने बोरा से पूछताछ की। अन्य स्थानों पर भी संदिग्धों से पूछताछ की गई।
कांडा क्षेत्र के ग्राम भद्रकाली उपराड़ा निवासी दिनेश चंद्र जोशी (52) पुत्र गोवर्धन जोशी 30 अक्तूबर को गेहूं पिसवाने गए थे। तभी से वह लापता हो गए थे। उनके भाई गोपाल दत्त जोशी ने एक नवंबर को पुलिस थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। दो नवंबर को पुलिस को कपूरी गांव जाने वाले कुलूर नदी पुल के पास गधेेरे में दिनेश का शव मिला। थाना कांडा में ग्राम घोड़ागाड़ निवासी हरीश सिंह बोरा, ग्राम सिलाटी बनेगांव निवासी पान सिंह, ग्राम नायल बनेगांव निवासी सूरज सिंह, राकेश सिंह, बहादुर सिंह, नवीन सिंह, दीवान सिंह, भगवान सिंह के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज है।
हत्याकांड की जांच को एसओजी समेत पुलिस की चार टीमें लगी हैं। रविवार को पुलिस की जांच टीम ने ग्राम घोड़ागाड़ निवासी हरीश सिंह बोरा के घर दबिश दी। पुलिस ने बोरा से पूछताछ की लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिली। पुलिस टीम ने कपूरी, अठपेसिया, खातीगांव, भद्रकाली आदि क्षेत्रों में संदिग्ध लोगों से पूछताछ की लेकिन पुलिस पुख्ता सबूत नहीं जुटा सकी।
---
हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए आंदोलन की धमकी
कांडा/बागेश्वर। कांडा क्षेत्र के भद्रकाली गांव उपराड़ा निवासी दिनेश चंद्र जोशी हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी 11 दिन बाद भी नहीं हो सकी है। इससे ग्रामीणों में गुस्सा है। क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों और अन्य ग्रामीणों ने रविवार को कांडा थाने के एसओ गोविंद बल्लभ भट्ट को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि लंबी जांच के बाद भी पुलिस हत्यारोपियों को नहीं पकड़ सकी है। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजन समेत ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उन्होंने पुलिस कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। कहा कि दिनेश की हत्या में नामजद रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी पुलिस घटना के पुख्ता सबूत नहीं जुटा सकी है। इस कारण दिनेश हत्याकांड के आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं।
इससे स्थानीय लोगों में भय और दहशत है। उन्होंने दिनेश हत्याकांड का जल्द खुलासा कर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की। ज्ञापन में ग्राम प्रधान सुमन रावत, कमला देवी, धनवंती राठौर, दीपा देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य सुनील रावत, कमल रावत, प्रकाश रावत, राजू राठौर, नीरज रावत, गोविंद नारायण दिगारी, बालम रावत, रामलाल, सुंदर राम, हंसी देवी, गंगा देवी, लछिमा देवी, पार्वती देवी आदि के हस्ताक्षर थे।