अगर आपात स्थिति में रक्त की जरूरत है और काफी प्रयास के बाद भी नहीं मिल रहा तो निराश होने की जरूरत नहीं है। पुलिस आपकी मदद के लिए तत्पर है। आप रक्तदान के लिए बुलाएंगे तो पुलिस दौड़ी चली आएगी। पुलिस ने मंगलवार को रक्तदान कर एक व्यक्ति को जीवनदान किया।
मंगलवार को एसपी मुकेश कुमार चौहान को सूचना मिली कि जिला अस्पताल में एक जरूरतमंद को तत्काल ए पॉजीटिव ब्लड ग्रुप की जरूरत है। इस पर उन्होंने बिना वक्त जाया करे विभाग में यह सूचना प्रसारित करते हुए जरूरतमंद की मदद की अपील की। एसपी की अपील का तुरंत असर हुआ। पुलिस कार्यालय में तैनात आरक्षी राजेंद्र सिंह रक्तदान के लिए अस्पताल दौड़े चले आए।
जरूरतमंद के परिवार ने पुलिस का आभार जताया। एसपी का कहना है कि भविष्य में किसी को भी रक्तदान की आवश्यकता होगी तो पुलिस मदद के लिए हमेशा तैयार रहेगी। उन्होंने आमजन से इस तरह की आपात स्थिति में पुलिस से संपर्क करने की अपील की है।