बागेश्वर। अपने शौक पूरा करने के लिए दो नौजवानों ने दिनदहाड़े लूट की घटना को अंजाम दिया था। कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर वारदात का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से साढ़े चौदह हजार रुपये बरामद किए हैं। आरोपियों के पास से लूट की रकम से खरीदी गई टीशर्ट, सैंडल, कमीज, कैफरी आदि सामान भी मिला है।
28 जून को ईश्वरी प्रसाद पुत्र रतन राम निवासी खोली (बागेश्वर) ने कोतवाली में तहरीर देकर कहा कि बागेश्वर के चौक बाजार में दफौटी और भौ नाम के दो लड़के ने उनके बैग से 19 हजार रुपये और आधार कार्ड निकालकर चंपत हो गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस पंजीकृत किया। एसपी अमित श्रीवास्तव ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली डीआर वर्मा को मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए। सीओ विपिन चंद्र पंत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक ने मामले के खुलासे के लिए टीम गठित की।
बुधवार को कोतवाली में मामले का खुलासा करते हुए एसपी श्रीवास्तव ने बताया कि जांच के दौरान नुमाइशखेत निवासी दिव्यांशु दफौटी (24) उर्फ हिमांशु और आरे निवासी हिमांशु खेतवाल (21) उर्फ साहिल खेतवाल उर्फ भौ निवासी आरे का नाम प्रकाश में आया। मंगलवार को दिव्यांशु को मंडलसेरा आर्मी कैंटीन के पास से 7500 रुपये व आधार कार्ड और हिमांशु को नीलेश्वर तिराहे से 7000 रुपये के साथ गिरफ्तार किया। उनके पास से लूट के सामान से खरीदे गए कपड़े और सैंडल भी बरामद की गई है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने 12वीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। दोनों बेरोजगार हैं।
टीम में कोतवाली प्रभारी डीआर वर्मा, एसआई खुशवंत सिंह, एसआई लोकेश सिंह रावत, एसआई भूपेंद्र सिंह मेहता, कांस्टेबल संतोष राठौर, अशोक पवार, प्रकाश टम्टा, तारा भाकुनी आदि थे।