बागेश्वर के ब्लड बैंक के पास सड़क पर खड़ा बिजली का पोल। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। ट्रामा सेंटर रोड पर ब्लड बैंक के पास सड़क पर लगा बिजली का पोल हादसों को दावत दे रहा है। सड़क के बीचोंबीच में स्थित पोल से खतरा हो रहा है।
इस सड़क से दिनभर वाहनों का आवागमन रहता है। रोड पर कोविड अस्पताल होने के कारण एंबुलेंस दिन में कई बार यहां से गुजरती है। पोल की वजह से सड़क पर जाम लग जा रहा है। रात में आवागमन के दौरान इस पोल से वाहन टकराने का खतरा बढ़ रहा है। सड़क संकरी होने के कारण पोल की वजह से चालकों को पास लेते समय परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रामा सेंटर के पास रोड के बीच लगे पोल को हटा देना चाहिए। अगर समय रहते इस पोल को नहीं हटाया गया तो हादसा हो सकता है। लोगों ने ऊर्जा निगम से ट्रामा सेंटर रोड पर ब्लड बैंक के पास लगे पोल को शीघ्र हटाने की मांग की है। वहीं यूपीसीएल खंड के ईई भाष्कर पांडेय ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण से बिजली का पोल सड़क पर आ गया है। खतरे को ध्यान में रखते हुए पोल को जल्द वहां से हटा लिया जाएगा।