बागेश्वर में पु रानी पेंशन बहाली को लेकर विधायक को ज्ञापन सौंपते कर्मचारी नेता। संवाद न्यूज एजे?
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा और राजकीय शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने विधायक चंदन राम दास को नई पेंशन प्रणाली से कर्मचारियों को हो रही परेशानी बताई और पुरानी पेंशन बहाली की मांग की। इसलिए विधायक ने इस मामले को आगामी विधानसभा सत्र में उठाने की बात कही है।
मोर्चा के प्रदेश संयोजक मिलिंद बिष्ट, राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य आलोक पांडेय के नेतृत्व में विधायक से मिले पदाधिकारियों ने कहा कि एक अक्तूबर 2005 के बाद नियुक्त राज्य कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। इस तिथि के बाद नियुक्त कर्मचारियों के लिए नई पेंशन योजना लागू कर दी गई है। नई पेंशन योजना कर्मचारियों के लिए अन्यायपूर्ण व्यवस्था है। इस पेंशन योजना से कर्मचारी सेवानिवृत्ति के बाद जीवनयापन भी नहीं कर पाएगा।
कहा कि नई पेंशन योजना किसी भी प्रकार से कर्मचारियों के हित में नहीं है। पेंशन को शेयर बाजार पर निर्भर कर दिया गया है। कर्मचारी अपने फंड से ऋण भी नहीं ले सकता। आश्रित पेंशन का भी प्रावधान नहीं है। मोर्चा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजने के लिए विधायक का आभार जताया। सदन के माध्यम से इस मामले को सरकार के संज्ञान में लाने का अनुरोध किया। विधायक ने कहा कि शीतकालीन सत्र में वह इस मुद्दे को विधानसभा के पटल पर उठाएंगे। शिष्टमंडल में राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश मिश्रा, प्रवक्ता कैलाश प्रकाश चंदोला आदि थे।