बागेश्वर। जिले के किसानों का परिचय कीवी से कराने वाले शामा निवासी भवान सिंह कोरंगा के लिए राज्य स्थापना की रजत जयंती यादगार बन गई।
रविवार को उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने और उन्हें अपनी उपलब्धियों को बताने का मौका मिला। बातचीत के दौरान उनके कार्य से प्रभावित पीएम मोदी ने उन्हें कीवी की ऑर्गेनिक खेती करने की सलाह दी। उत्तराखंड दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने एफआरआई देहरादून में प्रदेश के किसानों, उद्यमियों से मुलाकात की।
जिले में कीवी मैन के नाम से पहचाने जाने वाले कोरंगा को भी इस कार्यक्रम में भागीदारी का मौका मिला। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में कृषि और उद्यान विभाग की तरफ से प्रधानमंत्री से मिलने वाले वह इकलौते किसान थे।
उन्होंने पीएम मोदी को बताया कि वर्तमान में उनके यहां 650 पौधों में हर साल 200 क्विंटल से अधिक कीवी का उत्पादन हो रहा है। इसे स्थानीय बाजार के साथ-साथ दिल्ली, लखनऊ, बरेली, मेरठ तक बेचा जाता है।
पीएम ने उनसे पूछा कि क्या यह कीवी ऑर्गेनिक हैं। कोरंगा ने बताया कि फिलहाल पूरी तरह से ऑर्गेनिक कीवी का उत्पादन नहीं हो रहा है। तब पीएम ने इसे आजमाने की सलाह दी। कोरंगा ने उन्हें कीवी मिशन से मिल रही मदद की भी जानकारी दी।