बागेश्वर। जिला अस्पताल में लैब तकनीशिनों की कमी से उपचार के लिए आने वाले मरीजों को रक्त की जांच कराने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल के रक्तकोष और लैब के संचालन के लिए एकमात्र लैब तकनीशियन तैनात है। लैब तकनीशियनों की कमी को देखते हुए सीएचसी बैजनाथ में तैनात तकनीशियन को जिला अस्पताल में अटैच किया गया है। लेकिन तैनाती के बाद से वह अवकाश पर चले गए हैं।
जिला अस्पताल में लैब तकनीशियनों की कमी से लैब के संचालन मे दिक्कतें आ रहीं हैं। अस्पताल में लैब तकनीशियन के दो पद सृजित हैं। लेकिन दो के सापेक्ष एक ही लैब तकनीशियन के भरोसे अस्पताल के रक्तकोष और लैब का संचालन हो रहा है। लैब में जांच के लिए आने वाले मरीजों को वहां जांच के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। एकमात्र लैब तकनीशियन के अवकाश पर जाने से लैब ओर रक्तकोष का संचालन ठप होने की संभावना है। अस्पताल में लैब तकनीशियन की कमी को दूर करने के लिए बीते दिनों सीएचसी बैजनाथ में तैनात लैब तकनीशियन को जिला अस्पताल में अटैच किया गया था। लेकिन तैनाती के बाद से वह अवकाश पर चले गए।