गोलू मार्केट में फिर कूड़े के ढेर लग गए हैं। कूड़े का रिसाव गरुड़ गंगा में होने से गंगा प्रदूषित हो रही है। कूडे़ के ढेरों से उफनती दुर्गंध से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। लोगों ने कूड़े को शीघ्र साफ करने की मांग की है।
गरुड़ बाजार में कूड़ा निस्तारण की समस्या हल नहीं हो पा रही है। मामला न्यायालय में पहुंचने के बाद भी सुलझ नहीं पाया। हालांकि न्यायालय की ओर से जिला पंचायत बागेश्वर, जिला प्रशासन को कूड़ा निस्तारण के लिए शीघ्र जमीन चिह्नित करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। लेकिन स्थानीय प्रशासन आज तक जमीन चिह्नित नहीं कर पाया। जमीन चिह्नित न होने व्यापार संघ गोलू मार्केट के पास सालों से कूड़ा डालते आ रहा है।
इन दिनों गोलू मार्केट में कूड़े के बहुत बड़े ढेर लगे हुए हैं। इससे आ रही दुर्गंध से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। आसपास के लोग दुर्गंध से बचने के लिए रात दिन अपने घरों के दरवाजे बंद करने को मजबूूर हैं। गोलू मार्केट, नौघर, पाये, टानीखेत, टीट बाजार और सिल्ली के ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन से गोलूू मार्केट से शीघ्र कूड़ा हटाने की मांग की है। व्यापार संघ के नगर अध्यक्ष अखिल जोशी का कहना है कि कूड़ा निस्तारण के लिए शासन प्रशासन से कई बार जमीन का चयन करने को कह दिया है। जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी का कहना है कि गरुड़ बाजार का कूड़ा निस्तारण के प्रति स्थानीय प्रशासन रुचि नहीं ले रहा है। ब्लॉक प्रमुख भरत फर्स्वाण ने क्षेत्रीय विधायक से गरुड़ निस्तारण की समस्या का शीघ्र निराकरण करने को कहा है। एसडीएम गरुड़ सुंदर सिंह का कहना है कि कूड़ा निस्तारण के लिए प्रशासन जमीन की खोजबीन में लगा है।