बागेश्वर। नगर की सड़कों पर लावारिस जानवरों के आतंक से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने नगरपालिका से लावारिस पशुओं की उचित व्यवस्था करने की मांग की है।
जिला मुख्यालय के सरयू पुल, तहसील रोड, जिला अस्पताल रोड, गोमती पुल के पास लावारिस जानवर घूमते रहते हैं। सड़क पर लावारिस जानवरों के निकलने से वाहन संचालन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
लावारिस जानवरों के कारण राहगीरों के लिए सड़क पर चलना मुश्किल हो रहा है। लावारिस जानवरों में कई सांड़ भी हैं, जो लोगों पर हमला करते हैं। दोपहिया वाहनों पर भी सांड़ हमला करते हैं। कई बार जानवर हिंसक होकर लोगों को चोटिल कर चुके हैं। लंबे समय लोग इन जानवरों की समस्या से जूझ रहे हैं। खेती को भी यह जानवर नुकसान पहुंचाते हैं। नगर में खासकर लावारिस गोवंशीय पशुओं की संख्या बढ़ती जा रही है।