बागेश्वर। जोहार सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था के पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भेंट की। समिति ने सीमांत भोटिया जनजाति समाज की समस्याएं बताईं। समिति को बागेश्वर में विशाल इंपोरियम और बहुउद्देश्यीय कलस्टर की स्वीकृत दिलाने की मांग की।
समिति की अध्यक्ष पूजा जंगपांगी के नेतृत्व में समिति के चार सदस्य पारंपरिक वेशभूषा में राष्ट्रपति से मिले और उन्हें अलग-अलग समस्याओं के पत्र सौंपे। समिति ने जड़ी-बूटी, हस्तशिल्प और हथकरघा के विपणन के लिए भोटिया पड़ाव बागेश्वर के भवन और संबंधित भूमि को समिति को हस्तांतरित कराने की मांग की। समिति ने उत्तराखंड राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग में बीते एक साल से रिक्त अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पदों पर नियुक्ति करने, हल्द्वानी, बागेश्वर, रामनगर, टनकपुर आदि स्थानों पर बने भोटिया पड़ावों में समिति को पारंपरिक कुटीर उद्योग के संचालन के लिए भूमि आवंटित करने, आरक्षण नियमावली और क्रियान्वयन, शौका संस्कृति के संरक्षण के साथ अन्य समस्याओं के समाधान की भी मांग की। समिति के सदस्यों ने राष्ट्रीय जनजाति आयोग में जाकर समस्याओं के समाधान की मांग के लिए ज्ञापन दिया। इस मौके पर संरक्षक गंगा सिंह पांगती, गीतिका मर्तोलिया, कलावती टोलिया, बसंती टोलिया आदि मौजूद रहे।