कांडा/बागेश्वर। मौसम सामान्य होते ही जंगलों में आग लगनी शुरू हो गई है। कांडा तहसील के कोसी पातल के जंगल मेें आग लगी है। वनाग्नि से वन संपदा को नुकसान हो रहा है। धुआं फैलने से पर्यावरण प्रदूषण भी बढ़ रहा है। जिले में इस साल मौसम में बदलाव होने और बारिश होने से वन विभाग को काफी राहत मिली है। वनाग्नि की सिर्फ 20 घटनाएं ही इस साल हुईं। पिछले वर्ष इस दौरान 160 से अधिक वनाग्नि की घटनाएं हो चुकी थीं। मौसम साफ होने पर जंगल आग की चपेट में आ रहे हैं। बृहस्पतिवार को धपोलासेरा गांव के जंगल कोसी पातल में शाम के समय आग लग गई। धीरे-धीरे आग का दायरा बढ़ने लगा। ग्रामीणों ने आग लगने की सूचना वन विभाग को दी। रेंजर प्रदीप कांडपाल ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलने के बाद विभागीय टीम को मौके पर रवाना कर दिया है। जल्द आग पर नियंत्रण कर लिया जाएगा। संवाद