शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर तहसील में प्रदर्शन करते दाणोंछीना क्षेत्रवासी।
- फोटो : अमर उजाला
दाणोंछीना में आंदोलन के बाद बंद किए गए देसी शराब के ठेके में रखी गई शराब नहीं हटाने से लोगों में नाराजगी है। बुधवार को क्षेत्रवासियों ने बागेश्वर तहसील में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शराब के खिलाफ आंदोलन करने वाले 23 ग्रामीणों पर कार्रवाई करने पर भी आक्रोश जताया।
बुधवार को तहसील कार्यालय पहुंचे दाणोंछीना क्षेत्रवासियों ने कहा कि 22 अगस्त को प्रदर्शन के दौरान प्रशासन ने शराब की दुकान बंद करने का लिखित आश्वासन दिया था। ठेका को बंद तो कर दिया गया, लेकिन अभी तक उसमें रखी शराब नहीं हटाई गई है।
अब प्रशासन की ओर से 23 ग्रामीणों को कार्रवाई से संबंधित नोटिस भेजे गए हैं, जबकि प्रदर्शन में 500 से भी अधिक लोग शामिल थे। प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम से ग्रामीणों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग उठाई। कहा कि यदि इस मामले में किसी भी ग्रामीण का उत्पीड़न किया गया तो पूरे क्षेत्र की जनता आंदोलन को बाध्य होगी।
बाद में एसडीएम को इस संबंध का ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन करने वालों में महेश चंद्र मिश्रा, पुष्पा बिष्ट, सुनीता, विमला, कमला देवी, ममता देवी, खीम सिंह नेगी, नरेंद्र सिंह, मोहन सिंह आदि क्षेत्रवासी शामिल थे।