मंडलसेरा के लोगों एक अगस्त से मिलेंगे पानी के कनेक्शन
पांच-छह वर्ष से लोगों को नहीं मिल रहे थे कनेक्शन, करीब 250 परिवारों को मिलेेगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
बागेश्वर। वर्षों से पानी के कनेक्शन की आस लगाए लोगों की मुराद जल्द पूरी होने की उम्मीद है। जल संस्थान ने लंबित आवेदनों के आधार पर आवेदकों को संयोजन देने का निर्णय लिया है। एक अगस्त से कनेक्शन देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। शुरुआत में वार्ड के करीब 250 परिवारों को इसका लाभ मिलेगा।
नगरपालिका के मंडलसेरा उत्तरी और दक्षिणी वार्ड में करीब आठ हजार की आबादी निवास करती है। दोनों वार्डों में पेयजल की आपूर्ति के लिए जल संस्थान की दो योजनाएं बानरी और कांडाधार चल रही हैं। वर्षों पुरानी इन योजनाओं आबादी को क्षमता के अनुसार पानी नहीं मिलता। इसके चलते वार्ड के लोगों को जल संकट का सामना करना पड़ता है। पेयजल योजनाओं की क्षमता को देखते हुए पिछले पांच-छह वर्षों से जल संस्थान ने नए कनेक्शन देने पर रोक लगा दी थी।
पेयजल समस्या के निराकरण के लिए पेयजल निगम मंडलसेरा में आईवैल का निर्माण करा रही है। योजना के अंतिम चरण का काम चल रहा है। जल्द ही योजना के पूरा होने की उम्मीद है। जिसे देखते हुए जल संस्थान ने एक अगस्त से नए संयोजन जोड़ने का निर्णय लिया है। शुरुआत में विभाग के पास लंबित आवेदनों को कनेक्शन दिया जाएगा। इसके बाद नए कनेक्शन देने का काम चलेगा।
अवैध संयोजनों से भी बढ़ रही थी परेशानी
बागेश्वर। पेयजल समस्या को देखते हुए जल संस्थान ने मंडलसेरा में नए कनेक्शन देने पर रोक लगाई थी, लेकिन कई घरों में लोगों ने अवैध रूप से संयोजन जोड़ लिए थे। इस कारण विभाग को जहां प्रतिवर्ष राजस्व की चपत लग रही थी, वहीं पेयजल संकट भी गहराने लगा था। विभाग ने अवैध कनेक्शन लेकर पानी जुटा रहे लोगों से भी आवेदन करने के लिए कहा है ताकि उनके कनेक्शन को विभाग की ओर से रेग्युलाइज किया जा सके।
ऐसे करें आवेदन
बागेश्वर। नए पेयजल कनेक्शन के आवेदन के लिए उपभोक्ता को जमीन के दस्तावेज, आधार कार्ड और फोटो लेकर विभाग में आवेदन करना होगा। उपभोक्ता को आवेदन प्रपत्र कार्यालय से ही दिया जाएगा। आवेदन करने के बाद दस्तावेजों की जांच होगी। जिसके बाद नियमानुसार उपभोक्ता को कनेक्शन प्रदान किया जाएगा।
एक अगस्त से मंडलसेरा में नए कनेक्शन जोड़े जाएंगे। शुरुआत में नए उपभोक्ताओं को पेयजल किल्लत या कम पानी की आपूर्ति से जूझना पड़ सकता है, लेकिन आईवैल का निर्माण पूरा होते ही पेयजल संकट का निदान हो जाएगा। - सीएस देवड़ी, एई जल संस्थान, बागेश्वर।