बागेश्वर। बागेश्वर के जिला अस्पताल में सिटी स्कैन मशीन स्थापित करने का रास्ता साफ हो गया है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कारपोरेट सोशियल रिस्पांसबिलिटी (सीएसआर) के तहत सीटी स्कैन मशीन स्थापित करने के लिए पांच करोड़ की राशि अवमुक्त कर दी है। इतनी ही राशि चंपावत और चमोली के जिला अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन स्थापित करने के लिए भी अवमुक्त की गई है।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी सविन बंसल ने 28 जून को महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य को जारी पत्र में तीनों जिलों के जिला अस्पतालों में सीटी स्कैन मशीन स्थापित करने के लिए 15 करोड़ रुपये अवमुक्त करने की जानकारी दी है। कहा है कि स्वास्थ्य महानिदेशालय ने बीते 25 मई को तीनों जिलों में सीटी स्कैन मशीन लगाने का प्रस्ताव प्राधिकरण को दिया था। कहा है कि उक्त राशि का उपयोग उसी मद में किया जाएगा, जिस प्रयोजन के लिए जारी की गई है। कहा है कि राशि का उपयोग करने का प्रमाणपत्र 31 मार्च 2022 से पहले उपलब्ध कराना होगा। पत्र की प्रति सचिव स्वास्थ्य, सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग और सचिव मुख्यमंत्री को भी भेजी गई है।
विधायक ने लिया था, निधि से से सीटी स्कैन मशीन लगाने का निर्णय
बागेश्वर। सीटी स्कैन की सुविधा न होने से हादसों की चपेट में आए लोगों को इलाज नहीं हो पाता है। जिले में सीटी स्कैन मशीन स्थापित करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। हाल में विधायक चंदन राम दास ने विधायक निधि से सीटी स्कैन मशीन लगाने संबंधी पत्र स्वास्थ्य विभाग को दिया था। इस पर स्वास्थ्य महानिदेशालय ने शासन से सीटी स्कैन मशीन लगाने के लिए बजट उपलब्ध कराने की बात कही थी। विधायक चंदन राम दास ने सीटी स्कैन मशीन के लिए बजट उपलब्ध कराने पर जिले की जनता की ओर से मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत का आभार जताया है।