कपकोट के नौकोड़ी में काटे गए पेड़। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर/कपकोट। कपकोट के नौकोड़ी क्षेत्र में राज्य सरकार की भूमि से उतीस के 64 पेड़ काटे जाने का मामला सामने आया है। नौकोड़ी निवासी एक व्यक्ति ने जंगल से पेड़ काटने का मामला कपकोट के एसडीएम के सामने उठाया है। कहा है कि पेड़ कटान से उनकी नाप भूमि को भी नुकसान पहुंचा है।
नौकोड़ी निवासी हरीश चंद्र सिंह पुत्र बहादुर सिंह ने कपकोट के एसडीएम प्रमोद कुमार को दिए शिकायतीपत्र में कहा कि कुछ लोगों ने राज्य सरकार की भूमि से उतीस के 64 पेड़ जड़ से काट दिए हैं। जंगल कटे पेड़ों से पटा पड़ा है। कहा है कि जिस जमीन से पेड़ काटे गए है, उसी जमीन के पास उनकी नाप भूमि है। पेड़ों के कटान से उनकी जमीन को भी नुकसान पहुंच रहा है। उनके मकान के लिए भी खतरा उत्पन्न हो गया है।
कहा है कि पेड़ काटने का विरोध करने पर उन्हें धमकी दी जा रही है। पेड़ कटान में गांव के ही कुछ लोगों का हाथ है। उन्होंने एसडीएम को दिए पत्र में पेड़ काटने वाले लोगों का भी खुलासा किया है। कहा है कि उक्त प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कर पेड़ काटने वाले तत्वों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाए।
पेड़ काटने संबंधी पत्र उन्हें हाथोंहाथ नहीं सौंपा गया है। डाक से पत्र आया होगा तो वन विभाग को कार्रवाई के लिए भेज दिया होगा। वह इस मामले को दिखवाएंगे। पेड़ कटने की पुष्टि होने पर कार्रवाई की जाएगी। - प्रमोद कुमार एसडीएम कपकोट