बागेश्वर। जिला अस्पताल बागेश्वर में चार दिन बाद अल्ट्रासाउंड होने से लोगों को राहत मिली। अल्ट्रासाउंड कराने वालों की अस्पताल में भीड़ लगी रही। अल्ट्रासाउंड कराने वालों की कोरोना जांच भी की गई।
रेडियोलॉजिस्ट के छुट्टी पर होने से अस्पताल में पिछले चार दिनों से अल्ट्रासाउंड नहीं हो पा रहे थे। शुक्रवार को अस्पताल में लोगों को अल्ट्रासाउंड की सुविधा प्राप्त हुई। अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर सुबह से लोगों की भीड़ लगी रही। जिले में एक ही रेडियोलॉजिस्ट होने के कारण लोगों को अल्ट्रासाउंड के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरुड़ में रेडियोलॉजिस्ट का पद स्वीकृत है, लेकिन लंबे समय से डॉक्टर की नियुक्ति नहीं हो पाई है। लोगों को मीलों का सफर तय करके बागेश्वर जिला अस्पताल अल्ट्रासाउंड के लिए आना पड़ता है। कपकोट, भराड़ी, शामा, बदियाकोट, गरुड़, ग्वालदम, कांडा से लोग जिला चिकित्सालय अल्ट्रासाउंड के लिए आते हैं। बता दें कि अस्पताल में अब अल्ट्रासाउंड से पहले कोरोना जांच आवश्यक कर दी गई है।