गरुड़ (बागेश्वर)। ग्राम प्रधान संगठन की ब्लॉक इकाई ने पंचायतों का कार्यकाल बढ़ाने की मांग को लेकर विकासखंड मुख्यालय में तालाबंदी की। तालाबंदी के चलते विकासखंड मुख्यालय में दिनभर कामकाज ठप रहा।
ग्राम प्रधान संगठन के आह्वान पर विकासखंड के कई ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान और बीडीसी सदस्य मंगलवार को विकासखंड मुख्यालय पर एकत्र हुए। ग्राम प्रधानों ने कार्यकाल बढ़ाने की मांग को लेकर ब्लॉक के मुख्य गेट में अपना ताला ठोक दिया। ग्राम प्रधान संगठन के ब्लाॅक उपाध्यक्ष राजन राम की अध्यक्षता में हुई सभा में वक्ताओं ने पंचायतों का कार्यकाल बढ़ाने और हरिद्वार जिले के साथ अन्य जिलों में पंचायत चुनाव कराने की मांग की।
तालाबंदी करने वालों में ब्लॉक प्रमुख हेमा बिष्ट, गोपाल राम, बच्चन राम, प्रकाश कोहली, कौशल्या भंडारी, देवेंद्र गोस्वामी, चंदन परिहार, सपना थापा, कविता गोस्वामी आदि मुख्य थे। संवाद