बागेश्वर। जिले में तड़के सुबह से जमकर बारिश हुई। मौसम की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन ने बृहस्पतिवार को कक्षा एक से 12 तक के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया। जिले की 13 सड़कों में मलबा आने से यातायात प्रभावित रहा।
जिले में सुबह चार बजे से लेकर नौ बजे तक तेज बारिश हुई। बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर रहे। सड़क बंद होने से ग्रामीण क्षेत्र से वाहनों का संचालन भी प्रभावित रहा। जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार मलबा आने से कपकोट-पोलिंग, बदियाकोट-कुंवारी, बड़ेत, रिखाड़ी-बाछम, कपकोट-पिंडारी, चेटाबगड़,धैना, कपकोट-कर्मी, बालीघाट-दोफाड़, कपकोट-पिंडारी, बदियाकोट-बोरबलड़ा, खड़लेख-भनार सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि बंद सड़कों को खोलने का काम जारी है। बृहस्पतिवार को कपकोट में 41, गरुड़ में पांच और बागेश्वर ब्लॉक में 20 एमएम बारिश हुई है। सभी नदियां खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। संवाद