कपकोट (बागेश्वर)। कपकोट तहसील क्षेत्र के नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक बीएसएनएल सेवा ठप है। मोबाइल पर बात करने और इंटरनेट चलाने के लिए लोगों को दूसरी सर्विस का सहारा लेना पड़ रहा है। जिन इलाकों में बीएसएनएल की निर्भरता है वहां मोबाइल फोन शोपीस बने हैं।
बीते शनिवार से कपकोट नगर पंचायत समेत कनलगढ़ घाटी, रेवती घाटी, सरयू घाटी, पिंडर घाटी समेत कई गांवों में बीएसएनएल की सेवा ठप है। इंटरनेट बाधित होने से सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में कामकाज पर असर पड़ रहा है। ऑनलाइन प्रमाणपत्र बनाने, फॉर्म भरने आदि का काम प्रभावित होने से व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों का संचार सिस्टम पूरी तरह से ठप है। लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बीएसएनएल के डीई आशीष निगम ने बताया कि आरे के समीप लाइन टूटने से दिक्कत है। फॉल्ट को ठीक किया जा रहा है। जल्द संचार सेवा दुरुस्त कर दी जाएगी।