काफलीगैर (बागेश्वर)। तहसील क्षेत्र के पाना गांव में दो दिन से बिजली गुल है। आपूर्ति बाधित होने से 70 परिवार की 300 से अधिक की आबादी प्रभावित है। लोगाें को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बृहस्पतिवार को दोपहर करीब एक बजे गांव की बिजली गुल हो गई थी। शाम होने तक भी आपूर्ति सुचारू नहीं होने पर ग्रामीणों ने विभाग को सूचित किया। बावजूद इसके पूरी रात बिजली गुल रही। शुक्रवार को भी पूरे दिन बिजली नहीं आई। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली नहीं होने से मोबाइल फोन बंद हो गए हैं। लोग बिजली से चलने वाले उपकरणों का प्रयोग नहीं कर पा रहे हैं।
रात को बिजली नहीं होने पर काफी परेशानी हो रही है। जेई जॉनी कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर फुंकने से बिजली गुल है। शनिवार शाम तक आपूर्ति सुचारू करा दी जाएगी। इधर, जिला मुख्यालय के ठाकुरद्वारा वार्ड में भी बृहस्पतिवार की रात एक बजे से शुक्रवार की सुबह साढ़े आठ बजे तक बिजली गुल रही। संवाद