बागेश्वर। जिले में बीते दिनों हुई बारिश के बाद रासायनिक खाद की मांग बढ़ गई है। पुंगरघाटी के ग्रामीण को-ऑपरेटिव केंद्रों में खाद नहीं मिलने से लोग परेशान हैं।
जिला मुख्यालय से 40-60 किमी की दूरी पर स्थित पपों, रताइस, खोलियागांव, मजबे, पलायन, गापानी और सुंदिल के ग्रामीणों को क्षेत्र में रासायनिक खाद नहीं मिल रही है। पुंगरघाटी विकासमंच के संयोजक हरीश कालाकोटी ने बताया कि को-ऑपरेटिव केंद्रों में खाद आने के बावजूद किसानों को नहीं मिल पा रही है। क्षेत्र के दोफाड़ में स्थित केंद्र अक्सर बंद रहता है। ग्रामीणों को महंगे दामों पर दुकानों से खाद खरीदनी पड़ रही है। कई बार ग्रामीणों को 40-50 किमी की दूरी तय कर जिला मुख्यालय की दौड़ लगानी पड़ रही है। पुंगरघाटी विकास मंच के राजेश रौतेला, दिवान सिंह, महेश कालाकोटी, नरेंद्र रौतेला ने क्षेत्र में रासायनिक खाद उपलब्ध कराने की मांग की है। इधर को-ऑपरेटिव के जिला सहायक निबंधक प्रेम प्रकाश ने बताया कि जिले में खाद की मांग बढ़ी है। आपूर्ति प्रभावित हो रही है। कंपनी को डिमांड भेजी है। जल्द सभी केंद्रों में खाद उपलब्ध करा दी जाएगी। संवाद